मेहनत और आत्मविश्वास से गढ़ी सफलता की कहानी

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेश चन्द डाड) जीवन में संघर्ष हर किसी के हिस्से आता है, लेकिन सच्ची जीत उन्हीं को नसीब होती है जो कठिन परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानते। जब मुश्किलें चारों ओर से घेर लेती हैं, हालात इंसान को टूटने के कगार पर ला खड़ा करते हैं और अपने भी साथ छोड़ जाते हैं, तब भी जो अपने हौसले को थामे रखते हैं, मंजिल आखिरकार उन्हीं के कदम चूमती है।
ऐसी ही प्रेरणादायक दास्तां है भीलवाड़ा शहर के चंद्रशेखर आजाद नगर निवासी समाज की होनहार बेटी *मंजू सुवालका* की। कोविड महामारी के दौरान जीवनसाथी से बिछड़ने के सदमे ने उनके हँसते-खेलते परिवार की अनगिनत खुशियों को दर्द भरी खामोशी में बदल दिया।
सुहागन की मांग से सिंदूर मिटना केवल एक रंग का मिटना नहीं होता, बल्कि एक स्त्री के सपनों की पूरी दुनिया उजड़ जाने जैसा होता है।
लेकिन मंजू ने इस असहनीय पीड़ा को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया।
दस वर्षों तक किताबों से दूर रहने के बाद, पति के निधन उपरांत जब मंजू ने फिर से पढ़ाई की राह पकड़ी, तो यह केवल पन्ने पलटने की शुरुआत नहीं थी, बल्कि अपने बिखरे हुए सपनों को फिर से संजोने का साहसिक प्रयास था।
आखिर कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आज जब पटवारी भर्ती परीक्षा में *मंजू* का चयन हुआ है, तो यह सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि उसके संघर्ष, त्याग और आत्मविश्वास की जीत है। साथ ही हाल ही में आयोजित *तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा* में भी उसने अच्छी रैंक हासिल की है।

गौरतलब है कि मंजू के पति स्वर्गीय विमलेश जी निजी बैंक में मैनेजर थे, उदयपुर में सेवाकाल के दौरान कोरोना संक्रमण के कारण असमय इस दुनिया को अलविदा कह गए। मुश्किलों में ढाल बनकर हर कदम पर साथ निभाने वाले,
अपनी जीवनसंगिनी से उम्र भर साथ निभाने का वादा कर वे बीच राह में ही उसका हाथ छोड़ गए। उनके जाने के बाद घर के आँगन की रौनक दो बेटियों और अर्धांगिन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हँसती-खिलखिलाती आँखों में ग़म ठहर गया।
ऐसे कठिन समय में दो मासूम बेटियों की जिम्मेदारी, सीमित संसाधन, सामाजिक चुनौतियाँ और आर्थिक कठिनाइयाँ मंजू के सामने खड़ी थीं।
लेकिन भोली गांव निवासी रामेश्वर जी एवं निर्मला जी सुवालका की बड़ी बेटी तथा गेहूली के नाथूलाल जी सुवालका की पुत्रवधु मंजू ने परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय उन्हें चुनौती देकर यह साबित कर दिखाया कि विपरीत हालातों में हार मान लेना भले ही आसान हो, लेकिन निरंतर संघर्ष करते रहना ही सफलता की असली कुंजी होती है। 
उसने अपने मजबूत इरादों और अटूट आत्मविश्वास के बल पर यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
दो सरकारी पदों पर चयनित होने के बाद भी मंजू यहीं नहीं रुकीं। वर्तमान में वे उच्च सरकारी सेवाओं में चयन के लक्ष्य को लेकर निरंतर कठिन परिश्रम कर रही हैं 
*मंजू सुवालका* की यह यात्रा संघर्ष से सफलता तक की एक जीवंत मिसाल है, जो समाज की बेटियों को यह संदेश देती है कि मजबूत इरादे, दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच और कभी हार न मानने का जज्बा ही सफलता की सच्ची कुंजी हैं। आज वह केवल एक सफल अभ्यर्थी ही नहीं, बल्कि हजारों बेटियों के लिए उम्मीद, साहस और आत्मविश्वास की प्रतीक बनकर एक प्रेरक रोल मॉडल बन चुकी हैं।