कोटड़ी श्याम दरबार में जन्माष्टमी पर सजेंगी आकर्षक सजीव झांकियां

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेश चंद डाड) कोटड़ी. मेवाड़ अंचल में प्रसिद्ध आस्था के धाम श्री कोटड़ी श्याम दरबार में शुक्रवार को जन्माष्टमी पर्व पर आकर्षक सजीव झांकियां सजाई जाएंगी। जन्माष्टमी पर्व पर मंदिर परिसर हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की जय घोष से गूंज उठेगा। श्री चारभुजा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुदर्शन गाड़ोदिया ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व भक्तों की भावना के अनुरूप भक्तिभाव व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर बालाजी आर्ट्स (नीमच) के तत्वावधान में 11 विशेष चल झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें 11 फीट ऊंची श्रीरामचंद्र जी की प्रतिमा की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। साथ ही महादेव, हनुमान व भगवान की बाल लीलाओं से जुड़ी झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। कस्बे के

सरकारी व निजी शिक्षण संस्थाओं के बालक-बालिकाओं की ओर से भी मंदिर परिसर में 25 सजीव झांकियों की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। इनमें राधा-कृष्ण, भारत माता, मल्ल युद्ध, खाटू श्याम, विष्णु अवतार, पंचमुखी, स्वयंवर, असुर मर्दिनी, अशोक वाटिका, कैलाश लोक, यमुना पार करना, कंस कारागार सहित भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ी झांकियां शामिल रहेंगी।

5000 भक्तों के लिए बनेगा 171 किलो पंजीरी का प्रसाद

पंजीरी प्रसाद निर्माता कृष्ण भक्त अनिल काबरा ने बताया कि कृष्ण जन्मोत्सव पर लगभग 5000 भक्तों के लिए 171 किलो पंजीरी प्रसाद बनाया जा रहा है। इसमें 51 किलो पिसा हुआ धनिया, 75 किलो शक्कर बूरा, 30 किलो घी, 10 किलो काजू-द्राक्ष, 3 किलो बादाम-पिस्ता, 5 किलो गोंद, 500 ग्राम इलायची, एक किलो काली मिर्च, 250 ग्राम लौंग, 500 ग्राम सोंठ, 250 ग्राम सुपारी व 5 किलो नारियल गोला सहित विभिन्न आयुर्वेदिक जड़ी- बूटियों का मिश्रण होगा। जन्माष्टमी को लेकर भक्तों में अपार उत्साह है। मंदिर परिसर को आकर्षक फूल- पत्तियों से सजाया जा रहा है। रात्रि 12 बजे तक भक्त झांकियों के दर्शन कर हरि कीर्तन करेंगे और कृष्ण जन्म पर विशेष आरती कर भगवान को भोग धराया जाएगा।