गेंदलिया में अन्नपूर्णा माता की पहाड़ी में लगी भीषण आग, दमकल ने पाया काबू

भीलवाड़ा समाचार 
सवाईपुर ( सावर वैष्णव ):- सवाईपुर क्षेत्र के गेंदलिया कस्बे के भीलवाड़ा सड़क मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध अन्नपूर्णा माता की पहाड़ी पर अज्ञात कारणों के चलते अचानक भीषण आग लग गई । देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया । ग्रामीणों की तत्परता और जिला मुख्यालय से पहुंची दमकल की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका । राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई । जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा सड़क मार्ग के किनारे स्थित अन्नपूर्णा माता की पहाड़ी की झाड़ियों में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया । हवा के कारण आग तेजी से पूरी पहाड़ी पर फैल गई । पहाड़ी से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे । ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए ।

प्रशासन और दमकल की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही गेंदलिया सरपंच किशन माली भी मौके पर पहुंचे । स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरपंच माली ने तत्काल बड़लियास थानाधिकारी जसवंत सिंह को घटना की जानकारी दी । थानाधिकारी जसवंत सिंह ने तुरंत जिला मुख्यालय से अग्निशमन विभाग को सूचित किया, सूचना मिलने के कुछ ही देर बाद जिला मुख्यालय से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची । 

तीन घंटे की मशक्कत के बाद टला बड़ा हादसा

दमकल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया । पहाड़ी इलाका होने के कारण आग पर नियंत्रण पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन करीब तीन घंटे के निरंतर प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया । समय रहते आग पर काबू पा लेने और ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई । फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है ।।