गोवंश की रक्षा व सेवा का लें संकल्प, पौधारोपण का भी किया आह्वान

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेश चंद्र डाड)काछोला कस्बे की नवजीवन दिव्यांग सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गौसेवा से जुड़े गौभक्तों का सम्मान किया गया। समिति अध्यक्ष विकास कुमार कास्ट ने गौभक्त गोपाल मंत्री सहित अन्य गौभक्तों को गौमाता का प्रतीक चिन्ह भेंट कर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर गौभक्तों ने कहा कि गाय, गंगा और गीता भारतीय संस्कृति के मूल आधार हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्धन प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जीवन की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम सभी गोवंश की रक्षा और सेवा का संकल्प लें। भारतीय संस्कृति के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गोसेवा, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान जय सिंह पुरावत, गोपाल मंत्री, नवल कुमार टेलर, योगेश मालू, एडवोकेट कुलदीप धाकड़, युवराज सेन, विकास कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।