भाजपा ने हर्षोल्लास से मनाई बाबा साहब की जयंती, गूंजा समानता और न्याय का संदेश

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा ( महेन्द्र नागौरी) भाजपा जिला संगठन ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अंबेडकर सर्किल पर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मुख्य समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने बाबा साहब के मूलमंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने संविधान निर्माण में उनके योगदान और महिलाओं को संपत्ति में समान अधिकार दिलाने की पहल को ऐतिहासिक बताया।
जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया सहित अन्य नेताओं ने बाबा साहब को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने की बात कही। कार्यक्रम में अविनाश जीनगर, मंजू चेचाणी, कल्पेश चौधरी, गोपाल तेली ,कुलदीप शर्मा, विशाल गुरुजी, सुरेंद्र सिंह मोटरास, ललिता कंवर, किस्मत गुर्जर, आरती कोगटा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान “बाबा साहेब अमर रहें” के नारों से माहौल गुंजायमान रहा।