राजस्थान में मौसम बदला, हवा के साथ तेज बारिशः आज 6 जिलों में बरसात का अलर्ट

भीलवाड़ा समाचार 
जयपुर :- राजस्थान में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के कारण रविवार सुबह श्रीगंगानगर सहित आसपास के एरिया में बारिश हो रही है । मौसम बदलने से तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट हुई है । मौसम विभाग के अनुसार आज 6 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है । अगले दो दिन में भी बीकानेर संभाग में बादल छाने, बारिश का अलर्ट है । पिछले 24 घंटे मौसम साफ रहा, लेकिन अधिकांश शहरों में दिन के तापमान में गिरावट होने से गर्मी कम रही । जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, कोटा, सिरोही, हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट हुई ।


 रात में बदला मौसम, ठंड बढ़ी

दिनभर मौसम साफ रहने के बाद बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में देर रात मौसम में बदलाव हुआ । इन जिलों में बादल छाने के साथ कई जगह तेज ठंडी हवा चली । श्रीगंगानगर में शनिवार देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बरसात के कारण तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हल्की बारिश की संभावना है ।

10 शहरों का तापमान 20 डिग्री से नीचे

राजस्थान में दिन में गर्मी कम होने के साथ ही रात में भी ठंडक बढ़ने लगी है । शनिवार को 10 शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ । सबसे ठंडा इलाका उदयपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ ।

 आगे कैसा रहेगा मौसम
12 अक्टूबर को भी इन एरिया‌ में बादल छाने की संभावना है । 13 अक्टूबर को फिर एक कमजोर सिस्टम बनेगा, जिसके असर से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनूं और चूरू जिलों बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है ।