लक्ष्मीखेड़ा में ₹1 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

भीलवाड़ा समाचार 
बिजौलिया। लक्ष्मीखेड़ा पंचायत के देवरी की नूण स्थित प्रसिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर परिसर में  बुधवार को विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात दी।

विधायक ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विकास अधिकारी अशेष शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह में विधायक ने लक्ष्मीखेड़ा में ₹50 लाख की लागत से बनने वाले नए उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं खेराडिया में ₹50 लाख की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया गया। इसके अतिरिक्त विधायक कोष से ₹5 लाख की लागत से निर्मित छायाग्रह का भी लोकार्पण किया गया, जिससे नागेश्वर महादेव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बैठने एवं विश्राम की सुविधा मिल सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक गोपाल खंडेलवाल ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मांगें एवं समस्याएं उनके समक्ष रखीं। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 

समारोह में प्रशासक शांति देवी मेघवाल, पंचायत समिति सदस्य अभिषेक सर्वा, समाज सेवी लोकेश मेघवाल सहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।