392 वोटों की जीत पर ठाकुरजी को चढ़ाया 415 किलो का फूलों का हार, रामकन्या की आस्था बनी चर्चा का विषय

भीलवाड़ा समाचार 
सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- पंचायत चुनाव में मिली जीत की खुशी जब भगवान के चरणों में समर्पित हुई, तो आस्था और श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला। दातड़ा ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच रामकन्या बलवीर सेन ने अपनी मन्नत पूरी करते हुए कोटड़ी श्याम के दरबार में भगवान चारभुजानाथ को 415 किलो का विशाल फूलों का हार अर्पित किया । 392 वोटों से जीत हासिल करने के बाद उनके इस संकल्प की क्षेत्र में खूब चर्चा रही । रामकन्या बलवीर सेन ने चुनाव के दौरान भगवान चारभुजानाथ से मन्नत मांगी थी कि जीत मिलने पर वह ठाकुरजी के चरणों में विशाल फूलों का हार अर्पित करेंगी। चुनाव परिणाम में 392 वोटों से जीत मिलने के बाद उन्होंने अपना संकल्प पूरा किया और कोटड़ी श्याम के दरबार पहुंचकर भगवान को 415 किलो का फूलों का हार समर्पित किया।

18 घंटे की मेहनत से तैयार हुआ विशाल हार

इस विशाल हार को तैयार करने में गोविंदपुरा गांव के एक दर्जन से अधिक कारीगर जुटे। कारीगरों ने करीब 18 घंटे की मेहनत से 415 किलो का फूलों का हार तैयार किया। सामूहिक मेहनत से तैयार हुआ यह विशाल हार धार्मिक आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।

जगह-जगह स्वागत, सेन समाज के युवाओं ने किया अभिनंदन

नवनिर्वाचित सरपंच रामकन्या बलवीर सेन के कोटड़ी पहुंचने पर जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया। वहीं, कोटड़ी के सेन समाज के युवाओं ने भी उनका अभिनंदन किया। युवाओं ने रामकन्या बलवीर सेन को साफा पहनाकर और माला भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान समाज के युवाओं में उत्साह देखने को मिला।

जीत, आस्था और सम्मान का संगम

392 वोटों से मिली जीत के बाद 415 किलो का फूलों का हार भगवान चारभुजानाथ को अर्पित करना रामकन्या बलवीर सेन के लिए मन्नत पूरी होने का खास अवसर रहा। वहीं, लोगों और सेन समाज के युवाओं की ओर से किए गए स्वागत ने इस खुशी को और खास बना दिया। चुनावी जीत, धार्मिक आस्था और सामाजिक सम्मान का यह संगम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है ।।