80 कांवड़िए त्रिवेणी से कांवड़ में जल लेकर पहुंचे सवाईपुर, कल होगा भोलेनाथ का जलाभिषेक

भीलवाड़ा समाचार 
सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर कस्बे से माली समाज के द्वारा रविवार को त्रिवेणी संगम से कावड़ लेकर सवाईपुर पहुंचने पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया । त्रिवेणी संगम से कांवड़ में लाये जल से कल सोमवार को चारभुजानाथ व भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा । कांवड़िए सत्यनारायण माली व नारायण माली ने बताया कि सवाईपुर कस्बे में माली समाज के द्वारा रविवार को विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें रविवार दोपहर 1:15 बजे आचार्य सत्यनारायण शास्त्री के द्वारा पूजा-अर्चना व भोलेनाथ की परिक्रमा कर जयघोष के साथ त्रिवेणी संगम से 80 कांवड़िए कांवड़ जल लेकर प्रारंभ हुए, जो बिगोद, नयागांव, कुड़ी, कोटड़ी चौराया होते हुए सवाईपुर पहुंची, जहा शाम को विद्यालय के बाहर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कोटड़ी महावीर सुवालका द्वारा कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और अल्पाहार करवाया । इसके बाद कांवड़ यात्रा गाजे-बाजे के साथ तेजाजी चौक होते हुए चारभुजानाथ मंदिर पर पहुंची, इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कावड़ यात्रा का स्वागत किया, कावड़ यात्रा में युवक-युवतियां, महिला-पुरुष और बच्चे बड़े ही श्रद्धा और भक्ति के साथ शामिल हुई । जहा सोमवार को कस्बे के बड़े चारभुजानाथ मंदिर में शिव परिवार की पूजा-अर्चना कर मंत्रोच्चार के साथ त्रिवेणी संगम कावड़ के जल से भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा ।।