बालक के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सहशैक्षिक गतिविधियां भी महत्वपूर्ण-गोठवाल

भीलवाड़ा समाचार 

कोटडी उपखंड क्षेत्र के लसाडिया पंचायत  स्थित राजकीय उच्च  माध्यमिक विद्यालय  में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति कि क्षमता संवर्धन के लिए सदस्यों के प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ममता गोठवाल ने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति सदस्य बालक के सर्वांगीण विकास के लिए आपसी सामंजस्य बिठाकर सहयोग की भावना से कार्य करेंगे तो स्वस्थ विद्यालय वातावरण बनेगा। शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास के लिए समाज में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, व्यवहारिक ज्ञान,खेल-कूद,ध्यान,योग एवं सहशैक्षिक गतिविधियों में सहभागिता जरूरी है अतः बालक के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सह शैक्षिक गतिविधियां भी महत्वपूर्ण है। संदर्भ व्यक्ति उमेश खोईवाल ने कहा कि विद्यालय समिति के सदस्य अपने दायित्व,कर्तव्य,अधिकार को समझ कर सहयोग करें ।साथ ही निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 एवं राज्य नियम 2011 के बारे में जानकारी दी। दक्ष प्रशिक्षक युनूस परवेज़ मेवाती ने समग्र शिक्षा से प्राप्त होने वाली विभिन्न राशियों के बारे में‌ जानकारी देकर सामग्री क्रय करने के बारे में बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर सरस्वती वंदना हुई। अध्यक्षता कर रहे राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मीणा का खेड़ा के संस्था प्रधान चैन सिंह  कानावत ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए समय-समय पर विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि इसका लाभ क्षेत्र में अधिक से अधिक पहुंचे।  इस अवसर पर सातोला का खेड़ा और लसाडिया पंचायत प्रारंभिक शिक्षा क्षेत्र के एसएमसी एसडीएमसी सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश शर्मा ने किया।